फिरोजाबाद में मिशन शक्ति फेज-06 के तहत सड़क पर उतरीं NCC गर्ल्स कैडेट्स, यातायात नियमों के प्रति किया जागरूक
फिरोजाबाद। मिशन शक्ति फेज-06 के तहत महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं आत्मविश्वास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से फिरोजाबाद में विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के निर्देशन में यातायात पुलिस की महिला पुलिसकर्मियों और दाऊ दयाल इंटर कॉलेज की एनसीसी गर्ल्स कैडेट्स ने यातायात व्यवस्था संभालने के साथ ही लोगों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया।
13 अक्टूबर को क्षेत्राधिकारी यातायात के नेतृत्व में महिला पुलिसकर्मियों और एनसीसी कैडेट्स ने जैन मंदिर चौराहा तथा विवेकानंद चौराहा पर यातायात संचालन में सहयोग किया। इस दौरान कैडेट्स ने पुलिसकर्मियों के साथ समन्वय स्थापित कर प्रमुख चौराहों पर यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने में सहभागिता निभाई।
इसके साथ ही रेलवे स्टेशन रोड पर यातायात नियमों और सड़क सुरक्षा को लेकर जागरूकता रैली निकाली गई। रैली के माध्यम से नागरिकों को हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने, यातायात संकेतों का पालन करने और सुरक्षित तरीके से वाहन चलाने का संदेश दिया गया।
पुलिस के अनुसार, इस पहल का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं को सार्वजनिक गतिविधियों में भागीदारी के लिए प्रोत्साहित करना, उनमें आत्मविश्वास बढ़ाना तथा सामाजिक दायित्वों के प्रति जागरूक करना है। मिशन शक्ति के तहत इस तरह के अभियान महिलाओं की सुरक्षा के साथ-साथ समाज में जिम्मेदार नागरिक व्यवहार को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं। रिपोर्ट - राजीव सक्सेना फिरोजाबाद



सुझाव