फिरोजाबाद मे मिशन शक्ति के तहत छात्रा नीति दुबे बनीं एक दिन की सांकेतिक डीएम, जनसुनवाई कर दिखाई नेतृत्व क्षमता
फिरोजाबाद। मिशन शक्ति अभियान के तहत बालिकाओं को सशक्त बनाने और उनमें नेतृत्व क्षमता विकसित करने के उद्देश्य से फिरोजाबाद में अनूठी पहल की गई। पीएम श्री कंपोजिट विद्यालय, डबरई की कक्षा आठ की छात्रा नीति दुबे को एक दिन का सांकेतिक जिलाधिकारी बनाया गया। इस दौरान छात्रा ने प्रशासनिक कार्यप्रणाली को करीब से समझा और जनसुनवाई में फरियादियों की समस्याएं सुनकर उनके त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए।
जितेंद्र दुबे की पुत्री नीति दुबे ने एक दिन के लिए जिलाधिकारी की भूमिका निभाते हुए प्रशासनिक जिम्मेदारियों का निर्वहन किया। उन्होंने जनसुनवाई के दौरान विभिन्न फरियादियों की समस्याओं को सुना और संबंधित अधिकारियों को उनके समाधान के लिए आवश्यक निर्देश दिए। इस पहल के माध्यम से छात्रा को प्रशासनिक व्यवस्था, जनसमस्याओं के निस्तारण और अधिकारियों की कार्यशैली को समझने का अवसर मिला।
जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने कहा कि इस तरह के आयोजन बालिकाओं में आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। साथ ही, इससे बेटियों को शिक्षा के प्रति प्रोत्साहन मिलता है और वे भविष्य में प्रशासनिक सेवाओं में जाने के लिए प्रेरित होती हैं।
मिशन शक्ति के तहत आयोजित इस पहल का उद्देश्य बालिकाओं को उनकी क्षमता का एहसास कराना, उन्हें आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रोत्साहित करना और समाज में उनकी भागीदारी को मजबूत करना है। संवादाता राजीव सक्सेना फिरोजाबाद ।



सुझाव