घूसखोर पंडित वेब सीरीज़ को लेकर सवर्ण महासभा में नाराज़गी
राष्ट्रपति के नाम नगर मजिस्ट्रेट को सौंपा गया ज्ञापन
ब्यूरो रिपोर्ट लक्ष्यसीमा पत्रिका
फिरोजाबाद। आगामी “घूसखोर पंडित” वेब सीरीज़ को लेकर ब्राह्मण समाज में रोष देखने को मिल रहा है। इस वेब सीरीज़ में एक विशेष वर्ग को कथित रूप से गलत और अपमानजनक ढंग से प्रस्तुत किए जाने का आरोप लगाया गया है, जिसके विरोध में आज जनपद फिरोजाबाद में भारतीय सवर्ण महासभा ने प्रदर्शन किया।
भारतीय सवर्ण महासभा के प्रदेश अध्यक्ष संजीव उपाध्याय के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने नगर मजिस्ट्रेट को राष्ट्रपति के नाम एक ज्ञापन सौंपा। इस दौरान उन्होंने कहा कि “घूसखोर पंडित” वेब सीरीज़ संपूर्ण ब्राह्मण समाज का अपमान है और इससे वर्ग विशेष की भावनाएं आहत हुई हैं। प्रदेश अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि फिल्म निर्माता आए दिन ब्राह्मण, वैश्य, क्षत्रिय और ठाकुर समाज को फिल्मों और वेब सीरीज़ में नकारात्मक एवं खलनायक की भूमिका में प्रस्तुत करते हैं, जिससे समाज में गलत संदेश जा रहा है। उन्होंने इसे एक सुनियोजित साजिश करार दिया।
सवर्ण महासभा ने राष्ट्रपति से मांग की है कि ओटीटी प्लेटफॉर्म पर प्रसारित होने वाली इस वेब सीरीज़ के शीर्षक पर रोक लगाई जाए और भविष्य में किसी भी वर्ग विशेष को निशाना बनाकर इस प्रकार की फिल्म या वेब सीरीज़ न बनाई जाए।
प्रशासन ने ज्ञापन प्राप्त कर संबंधित स्तर पर भेजने का आश्वासन दिया है।

