जन समस्याओं पर सख्त डीएम, समाधान में लापरवाही नहीं होगी बर्दाश्त
संवाददाता राजीव सक्सेना
फिरोजाबाद। जनपद की सिरसागंज तहसील में जिलाधिकारी रमेश रंजन की अध्यक्षता एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित की उपस्थिति में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में समस्त जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे। सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान राजस्व, पुलिस, विकास, समाज कल्याण, जल निगम, पंचायती राज सहित विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 35 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 7 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया।
जिलाधिकारी रमेश रंजन ने उपस्थित अधिकारियों को कड़े शब्दों में निर्देश देते हुए कहा कि जनसमस्याओं का निस्तारण गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध ढंग से किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जन समस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कार्यक्रम के दौरान प्रेमचंद नामक प्रार्थी ने मृत्यु प्रमाण पत्र बनवाने हेतु प्रार्थना पत्र दिया, जिस पर जिलाधिकारी ने खंड विकास अधिकारी को तत्काल कार्रवाई कर समस्या का समाधान करने के निर्देश दिए।
वहीं प्रार्थी नीरज कुमार ने चारागाह भूमि से अवैध कब्जा हटाने की शिकायत की, जिस पर जिलाधिकारी ने उप जिलाधिकारी सिरसागंज को मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई के आदेश दिए। इसके अतिरिक्त परवीन नामक महिला ने राशन कार्ड से परिवारजनों के नाम कटने की शिकायत दर्ज कराई, जिस पर जिलाधिकारी ने जिला पूर्ति अधिकारी को नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने सभी शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को त्वरित निस्तारण के आदेश दिए। इस अवसर पर उप जिलाधिकारी सिरसागंज, तहसीलदार सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।


