CEIR पोर्टल से 69 गुम मोबाइल बरामद, मोबाइल स्वामियों को सौंपे
संवाददाता राजीव सक्सेना
फिरोजाबाद। सर्विलांस, एसओजी एवं जनपद पुलिस टीम ने सीईआईआर (Central Equipment Identity Register) पोर्टल पर दर्ज शिकायतों के आधार पर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस टीम द्वारा अलग-अलग कंपनियों के कुल 69 गुम मोबाइल फोन, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 12 लाख रुपये है, बरामद कर संबंधित मोबाइल स्वामियों को सुपुर्द किया गया। बताया गया कि साइबर अपराध शाखा अब तक करीब 1 करोड़ रुपये से अधिक कीमत के गुम मोबाइल फोन बरामद कर चुकी है। भारत सरकार द्वारा देशभर में गुम हुए मोबाइलों की शिकायत दर्ज कराने के लिए सीईआईआर पोर्टल संचालित किया जा रहा है, जिस पर कोई भी नागरिक स्वयं अपने खोए मोबाइल की शिकायत दर्ज कर सकता है।
मुख्यालय स्तर से गुम मोबाइलों की बरामदगी हेतु विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक फिरोजाबाद के निर्देशन में, अपर पुलिस अधीक्षक नगर/ग्रामीण के निकट पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी साइबर अपराध के कुशल नेतृत्व में सर्विलांस एवं एसओजी टीम ने थाना पुलिस के सहयोग से यह सफलता हासिल की।
अपने मोबाइल वापस पाकर सभी आवेदकों ने सरकार और फिरोजाबाद पुलिस का आभार व्यक्त किया और इस पहल की सराहना की।

