22 फरवरी को फिरोजाबाद में लगेगा वृहद विधिक साक्षरता एवं सेवा मेगा कैम्प
संवाददाता राजीव सक्सेना।
फिरोजाबाद। उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ एवं राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (नालसा) के निर्देशानुसार जनपद फिरोजाबाद में 22 फरवरी 2026 को वृहद विधिक साक्षरता एवं सेवा मेगा कैम्प का आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, फिरोजाबाद के तत्वावधान में विकास भवन के पास उद्यान विभाग परिसर में संपन्न होगा।
मेगा कैम्प की जानकारी जनसामान्य तक पहुंचाने के उद्देश्य से एडीआर भवन, जनपद न्यायालय परिसर, फिरोजाबाद में एक पत्रकार वार्ता का आयोजन किया गया। पत्रकार वार्ता के दौरान जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, फिरोजाबाद के सचिव एवं सिविल जज (सीनियर डिवीजन) योगेश शिवा ने बताया कि यह वृहद मेगा कैम्प माननीय जनपद न्यायाधीश डॉ. बद्री सारंग के मार्गदर्शन में आयोजित किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि इस मेगा कैम्प का मुख्य उद्देश्य जनपद के वृद्धजनों एवं आम नागरिकों को सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ एक ही स्थान पर उपलब्ध कराना है। कैम्प में वृद्धावस्था पेंशन योजना, विधवा पेंशन योजना, दिव्यांग पेंशन योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, श्रमिक पेंशन योजना, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, सामूहिक विवाह योजना, विश्वकर्मा सम्मान योजना, किसानों से संबंधित योजनाएं सहित अन्य सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ प्रदान किया जाएगा।
इसके साथ ही कैम्प के माध्यम से आमजन को विधिक साक्षरता प्रदान करते हुए उनके विधिक अधिकारों एवं उपलब्ध सरकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी भी दी जाएगी। सचिव योगेश शिवा ने बताया कि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, फिरोजाबाद के समस्त पैरा-लीगल वालंटियर्स (पीएलवी) को निर्देशित किया गया है कि वे शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में व्यापक जनसंपर्क कर अधिक से अधिक पात्र नागरिकों को इस वृहद मेगा कैम्प की जानकारी दें, ताकि ज्यादा से ज्यादा लोग योजनाओं का लाभ उठा सकें।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने आमजन से अपील की है कि इस सूचना को जनहित में अधिक से अधिक साझा करें।

