सामूहिक विवाह समारोह में 94 जोड़ों का विवाह धार्मिक रीति-रिवाजों के साथ सम्पन्न
संवाददाता राजीव सक्सेना
फिरोजाबाद। उत्तर प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत जनपद फिरोजाबाद में आज भव्य सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम स्वागत वाटिका, नानेमऊ में सम्पन्न हुआ, जिसमें नगरीय निकायों एवं विकास खंडों के चिन्हित पात्र जोड़ों का विवाह कराया गया।
इस अवसर पर नगर पालिका परिषद शिकोहाबाद के 14, नगर पालिका परिषद सिरसागंज के 04, विकास खंड शिकोहाबाद के 20, विकास खंड अरांव के 22 एवं विकास खंड मदनपुर के 34 जोड़े उपस्थित रहे। कुल 95 जोड़े समारोह में सम्मिलित हुए, जिनमें से 81 हिंदू एवं 14 मुस्लिम जोड़ों सहित कुल 94 जोड़ों का विवाह उनके-अपने धार्मिक रीति-रिवाजों के अनुसार सम्पन्न कराया गया।
वर-वधू को प्रदान की गई वैवाहिक सामग्री
कार्यक्रम में नवविवाहित जोड़ों को सरकार द्वारा निर्धारित वैवाहिक सामग्री प्रदान की गई, जिसमें प्रमुख रूप से 05 साड़ी (ब्लाउज सहित), 05 पेटीकोट, चुनरी, पैंट व शर्ट का कपड़ा, फेंटा/गमछा, चांदी की पायल व बिछिया (एक-एक जोड़ी), स्टील डिनर सेट, प्रेशर कुकर, कढ़ाई, ट्रॉली बैग, वैनिटी किट, दीवार घड़ी, सीलिंग फैन, कूलर केज, आयरन प्रेस, डबल बेड चादर, दो पिलो कवर, दो कंबल, दो गद्दे/मैट्रेस, दो तकिये, सिंहोरा, चूड़ी, कंगन, ड्राई फ्रूट्स, मिष्ठान सहित अन्य आवश्यक गृहस्थी सामग्री शामिल रही।
जनप्रतिनिधियों की गरिमामयी उपस्थिति
समारोह में हरिओम यादव (निवर्तमान विधायक, सिरसागंज), विजय प्रताप उर्फ छोटू यादव (पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष), कमलेश राजपूत (ब्लॉक प्रमुख, अरांव), जोगेंद्र सिंह (ब्लॉक प्रमुख, मदनपुर), उदय प्रताप सिंह (जिलाध्यक्ष, भाजपा) सहित अनेक जनप्रतिनिधियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
नवदंपतियों को दी शुभकामनाएं
कार्यक्रम में उपस्थित सभी अतिथियों ने सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए नवविवाहित वर-वधू को सुखद एवं सफल दांपत्य जीवन की शुभकामनाएं प्रदान कीं।
इस अवसर पर महेंद्र सिंह यादव (उपायुक्त, स्वतः रोजगार ग्रामीण), राजमती (जिला समाज कल्याण अधिकारी), के.एम. सिंह (जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी), तहसीलदार सिरसागंज, संबंधित विकास खंडों एवं नगरीय निकायों के अधिकारी-कर्मचारी भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का सफल संचालन प्रेमस्वरूप पारस द्वारा किया गया।


