फर्जी लोन एप गिरोह का भंडाफोड़, 5 गिरफ्तार
800 से अधिक लोगों से ठगी, एक फरार
संवाददाता राजीव सक्सेना
फिरोजाबाद। भारत सरकार द्वारा संचालित समन्वय एवं प्रतिबिम्ब पोर्टल के माध्यम से प्राप्त शिकायत पर कार्यवाही करते हुए थाना साइबर पुलिस टीम ने फर्जी लोन एप के जरिए ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस मामले में 05 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है, जिनके विरुद्ध एनसीआरपी पोर्टल पर फर्जी लोन से संबंधित कई शिकायतें दर्ज थीं। पुलिस पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि उन्होंने “महान किट प्रा. लि.” के नाम से एक फर्जी फर्म खोली थी। इसके माध्यम से वे कई फर्जी लोन एप बनवाकर प्ले स्टोर व एप्पल स्टोर पर लॉन्च करते थे। जैसे ही कोई व्यक्ति एप डाउनलोड करता, उसकी यूपीआई पर कुछ रुपये लोन के रूप में भेज दिए जाते और परमिशन के नाम पर उसके मोबाइल का पूरा डेटा एक्सेस कर लिया जाता।
अभियुक्त ऊंची ब्याज दरों पर लोन रिकवरी करते थे। यदि कोई व्यक्ति लोन चुकाने से मना करता, तो उसके मोबाइल से प्राप्त फोटो को एडिट कर उसे एवं उसके परिजनों को भेजकर डराया-धमकाया जाता था। भयभीत होकर पीड़ित मनचाही रकम वापस कर देता था। पुलिस के अनुसार यह गिरोह पिछले कई वर्षों से सक्रिय था और अब तक करीब 800 लोगों से ठगी कर चुका है।
अभियुक्तों द्वारा लोन की रकम विभिन्न खातों में ट्रांसफर कर दी जाती थी और बाद में पीड़ितों के मोबाइल नंबर ब्लॉक कर दिए जाते थे। वहीं, सिम बेचने वाले अभियुक्त बाहर से आए मजदूरों व अशिक्षित लोगों के नाम पर सिम चालू कर उन्हें सिम न देकर, वही सिम ऊंचे दामों पर रिकवरी एजेंटों को बेच देते थे।
गिरफ्तार अभियुक्तों के नाम:
👉 राघव पुत्र शिवनन्दन, निवासी जहारवीर नगर, थाना सिरसागंज
👉 रजनीश पुत्र श्रीकृष्ण यादव, निवासी कौरारा रोड बाईपास, थाना सिरसागंज
👉 सोनू पुत्र सर्वेश कुमार, निवासी जहारवीर नगर, थाना सिरसागंज
👉 नीलेश पुत्र रामप्रवेश, निवासी कुतुबपुर, थाना नसीरपुर
👉 पुष्पेन्द्र पुत्र रवीश कुमार, निवासी नगला कन्ही, थाना खैरगढ़
फरार अभियुक्त:
महेश कुमार पुत्र नामालूम, निवासी गुरुग्राम (हरियाणा), मैनेजर – महान किट प्रा. लि.
बरामदगी:
02 लैपटॉप
06 मोबाइल फोन
18 सिम कार्ड
01 थम्ब रीडिंग मशीन
पुलिस द्वारा फरार अभियुक्त की तलाश की जा रही है तथा मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई जारी है।

