संवाददाता राजीव सक्सेना
फिरोजाबाद के थाना लाइनपार क्षेत्र स्थित रामनगर बिजली घर में आज उस समय हड़कंप मच गया, जब बिजली घर के अंदर बने स्टोर रूम में अचानक आग लग गई। बताया जा रहा है कि स्टोर रूम में एक बंदर के घुस जाने से शॉर्ट सर्किट हुआ, जिससे आग ने विकराल रूप धारण कर लिया।
आग धीरे-धीरे पूरे स्टोर रूम में फैल गई, जिसकी चपेट में आकर वहां रखी महत्वपूर्ण फाइलें, तार, केबल और विद्युत विभाग की अन्य सामग्री जलकर खाक हो गई। आग लगते ही स्थानीय लोगों और विद्युत विभाग के कर्मचारियों ने तत्परता दिखाते हुए आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग की तीव्रता अधिक होने के कारण उस पर काबू पाना मुश्किल हो गया।
शहर में एक साथ कई आपात स्थितियां होने के चलते अग्निशमन विभाग की दमकलें कुछ देर से मौके पर पहुंच सकीं। सूचना मिलते ही थाना लाइनपार प्रभारी रमित कुमार आर्य पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और तत्काल स्थिति को संभालते हुए क्षेत्र को सुरक्षित कराया।
जिससे किसी भी प्रकार की जनहानि न हो सके। अग्निशमन विभाग की टीम ने लगभग एक से डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, हालांकि विद्युत विभाग को भारी नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है।
घटना के बाद मरम्मत कार्य शुरू कर दिया गया है। आग के कारण क्षेत्र में एक से दो घंटे तक विद्युत आपूर्ति बाधित रहने की संभावना जताई गई है। सूचना मिलते ही संबंधित अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और आग लगने के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है।

