चोरी के मुकदमे में वांछित अभियुक्तों को थाना टुंडला पुलिस ने मुठभेड़ में किया गिरफ़्तार, दोनो चोर के पैर में लगी गोली
संवाददाता राजीव सक्सेना।
फिरोजाबाद। थाना टूण्डला पुलिस टीम को मुखबिर खास द्वारा सूचना प्राप्त हुई कि निहाल सिंह की पुलिया बाईपास के पास एक बिना नम्बर प्लेट का ऑटो खड़ा है, जिसमें दो संदिग्ध व्यक्ति सवार हैं और जो जनपद में चोरी व लूट की घटनाओं को अंजाम देने की फिराक में हैं।
सूचना मिलते ही थाना टूण्डला पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुँची और घेराबंदी कर संदिग्ध ऑटो को रोकने का प्रयास किया। खुद को पुलिस से घिरा देख ऑटो में सवार दोनों संदिग्ध व्यक्ति उतरकर पुलिस टीम पर अवैध असलहे से जान से मारने की नीयत से फायरिंग करने लगे। पुलिस द्वारा आत्मरक्षार्थ की गई जवाबी कार्रवाई में दोनों अभियुक्तों के पैर में गोली लग गई, जिससे वे घायल हो गए। पुलिस टीम ने दोनों अभियुक्तों को मौके से घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार अभियुक्तों के कब्जे से 02 अवैध तमंचे (315 बोर), 03 जिंदा कारतूस (315 बोर), 02 खोखा कारतूस (315 बोर), चोरी किए गए 10,020 रुपये नकद तथा 01 बिना नम्बर प्लेट का ऑटो बरामद किया गया है। घायल अभियुक्तों की पहचान रवि उर्फ रविया पुत्र भगवान दास एवं किताब सिंह पुत्र रघुवीर, निवासी हिन्दू नगर झुग्गी बस्ती, थाना कोतवाली नगर, जनपद एटा के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार दोनों अभियुक्त दिनांक 08 सितंबर 2025 को थाना टूण्डला क्षेत्र में हुई चोरी की घटना के संबंध में पंजीकृत अभियोग में वांछित चल रहे थे। घायल अभियुक्तों को उपचार हेतु अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनके विरुद्ध नियमानुसार अग्रिम विधिक कार्यवाही की जा रही है।

