संवाददाता राजीव सक्सेना।
फ़िरोजाबाद। पुलिस व ANTF आगरा की संयुक्त टीम ने मुखबिर की सूचना पर बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अंतरराष्ट्रीय मादक तस्करों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए तस्करों के कब्जे से करीब 5 किलो 753 ग्राम चरस बरामद की गई है, जिसकी कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में लगभग 40 लाख रुपये बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि वे यह चरस नेपाल से शेषनाथ मास्टर नामक व्यक्ति से लेकर आते थे और फीरोजाबाद सहित आसपास के क्षेत्रों में अलग-अलग स्थानों पर फुटकर में बेचते थे। पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ तस्कर नगला बरी चौराहा, थाना रसूलपुर क्षेत्र में मादक पदार्थ की डिलीवरी देने की फिराक में हैं। सूचना के आधार पर थाना रसूलपुर पुलिस व नारकोटिक्स टीम आगरा ने संयुक्त रूप से घेराबंदी कर मौके से दोनों तस्करों को धर दबोचा।
गिरफ्तार तस्करों ने अपने नाम अजय सैनी व सूरज बताए हैं, जो चंपारण, बिहार के रहने वाले हैं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई करते हुए उन्हें जेल भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है और जल्द ही और भी गिरफ्तारियां संभव हैं।

