फिरोजाबाद के शिकोहाबाद तहसील सभागार कक्ष में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन हुआ, इस दौरान 51 शिकायते मिली जिसमें 11 का मौके पर निस्तारण किया गया।
संवाददाता राजीव सक्सेना फिरोजाबाद
फिरोजाबाद। आम जनमानस की समस्याओं के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान के उद्देश्य से तहसील शिकोहाबाद के सभागार कक्ष में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाधिकारी रमेश रंजन ने की। इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित, मुख्य विकास अधिकारी शत्रोहन वैश्य सहित जनपद स्तरीय समस्त अधिकारी उपस्थित रहे।
संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान सर्वाधिक शिकायतें कानून व्यवस्था, विद्युत, विकास कार्य, सफाई एवं राजस्व से संबंधित प्राप्त हुईं। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि जनशिकायतों के निस्तारण में गंभीरता एवं संवेदनशीलता बरती जाए तथा शिकायतों की पुनरावृत्ति न होने पाए। इस दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि जनसमस्याओं के त्वरित समाधान के लिए लेखपाल एवं ग्राम पंचायत अधिकारी पंचायत भवन पर नियमित रूप से बैठें, जिससे प्रारंभिक स्तर पर ही विवादों का निस्तारण संभव हो सके।
रेखा नामक युवती ने शिकायत दर्ज कराई कि उसके पिता को पुलिस द्वारा गिरफ्तार किया गया, लेकिन परिजनों को इसकी कोई सूचना नहीं दी गई। इस पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने मामले की जांच पुलिस क्षेत्राधिकारी को सौंप दी। इसी क्रम में चरण सिंह नामक प्रार्थी ने शिकायत की कि लता यादव उनके मकान में ₹3000 मासिक किराये पर निवास कर रही हैं, लेकिन न तो किराया दे रही हैं और न ही मकान खाली कर रही हैं, साथ ही उन्हें लगातार धमकाया जा रहा है। इस प्रकरण की जांच के निर्देश जिलाधिकारी ने थाना प्रभारी एवं राजस्व निरीक्षक को दिए।
वहीं शिकायतकर्ता कुसुम देवी ने ग्राम प्रधान पर जबरन रास्ते पर ब्रेकर निर्माण कराने का आरोप लगाया, जिससे आवागमन में परेशानी हो रही है। इस मामले की जांच जिला पंचायत राज अधिकारी को सौंपी गई।संपूर्ण समाधान दिवस में कुल 51 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 11 शिकायतों का मौके पर निस्तारण किया गया।


