विधायक की मौजूदगी में कंबल वितरण का आयोजन, कंबल नहीं मिलने पर असहायों में भारी आक्रोश।
संवाददाता राजीव सक्सेना फिरोजाबाद
फिरोजाबाद। उत्तर प्रदेश सहित पूरे देश में शीतकालीन सत्र की शुरुआत के साथ ही ठंड से बचाव के लिए राज्य सरकारों द्वारा गरीब, असहाय एवं जरूरतमंद लोगों के लिए कंबल वितरण और अलाव की व्यवस्था की जा रही है। इसी क्रम में फिरोजाबाद जनपद में भी तहसील स्तर पर कई बार कंबल वितरण कार्यक्रम आयोजित किए जा चुके हैं। गुरुवार को नगर के तिलक इंटर कॉलेज परिसर में एक बृहद कंबल वितरण मेले का आयोजन किया गया। इस दौरान तहसील प्रशासन की टीम द्वारा पर्ची वितरण के माध्यम से शहर के गरीब, असहाय एवं दिव्यांग लोगों को कंबल वितरित किए जाने की व्यवस्था की गई। कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक मनीष असीजा भी उपस्थित रहे।
हालांकि कंबल वितरण के दौरान अव्यवस्थाएं सामने आईं। मौके पर मौजूद कई दिव्यांग एवं असहाय लोगों ने तहसील कर्मचारियों पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए। उनका कहना था कि वे सुबह से भूखे-प्यासे अपने बच्चों को घर पर छोड़कर कंबल लेने पहुंचे थे, लेकिन घंटों इंतजार के बाद भी उन्हें कंबल नहीं मिल सका।
पीड़ितों का आरोप है कि सरकार की योजनाएं केवल कागजों तक सीमित रह गई हैं और अधिकारियों की कार्यशैली में कथनी और करनी का अंतर साफ दिखाई दे रहा है। असहाय एवं दिव्यांग लोगों ने यह भी कहा कि उन्हें सरकार और प्रशासन दोनों द्वारा उपेक्षित किया जा रहा है। अब सवाल यह है कि ठंड से राहत देने के लिए चलाई जा रही योजनाएं क्या वास्तव में जरूरतमंदों तक पहुंच पा रही हैं, या फिर अव्यवस्थाओं के कारण असहाय लोग इसी तरह परेशान होते रहेंगे।

