सीएम ग्रिड योजना के तहत 10.67 करोड़ की परियोजना का शुभारंभ
आसफाबाद चौराहे की बदलेगी सूरत, सड़क चौड़ीकरण से बढ़ेगी शहर की चमक
संवाददाता राजीव सक्सेना
फिरोजाबाद नगर निगम द्वारा मुख्यमंत्री ग्रिड योजना के अंतर्गत शहर में सड़क चौड़ीकरण एवं विद्युत तारों को अंडरग्राउंड किए जाने का कार्य कराया जाएगा। इस परियोजना पर कुल 10 करोड़ 67 लाख 88 हजार 800 रुपये की लागत आएगी। कार्य का शुभारंभ नगर की मेयर कामिनी राठौर द्वारा विधि-विधान से हवन-पूजन कर किया गया।
इस अवसर पर मेयर कामिनी राठौर ने कहा कि प्रदेश में ट्रिपल इंजन की सरकार होने के कारण विकास कार्य तेजी से हो रहे हैं। उन्होंने बताया कि आसफाबाद चौराहा शहर का प्रमुख चौराहा है, जहां सड़क चौड़ीकरण के बाद जाम की समस्या से राहत मिलेगी। इससे क्षेत्र की जनता को सीधा लाभ मिलेगा और शहर की सुंदरता भी बढ़ेगी। मेयर ने कहा कि नगर निगम द्वारा शहर के समग्र विकास के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।
कार्यक्रम में एलडीवी के अध्यक्ष अरविंद पचौरी, पार्षद लाला राइन गांधी, पूनम शर्मा, सुनील मिश्रा, गीता गुप्ता, भाजपा नेता राम नरेश कटरा, मीडिया प्रभारी अमित गुप्ता, भगवान दास शंखवार सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।


