फिरोजाबाद: विधवा महिला हत्याकांड का खुलासा, पुलिस मुठभेड़ में दो बदमाश गिरफ्तार
फिरोजाबाद। थाना मक्खनपुर क्षेत्र में अकेली रह रही विधवा महिला सरोज देवी की हत्या और लूटकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। रविवार देर रात एसओजी, सर्विलांस और मक्खनपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने पुलिस मुठभेड़ के दौरान दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दोनों के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उन्हें पुलिस अभिरक्षा में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पुलिस के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिलने पर खाटू श्याम मंदिर के पास हाईवे किनारे संदिग्ध बदमाशों की घेराबंदी की गई। पुलिस को देखकर दोनों आरोपी बाइक से भागने लगे। पीछा करने के दौरान उनकी बाइक फिसल गई। खुद को घिरता देख आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी, जिसके जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षा में कार्रवाई की। इस दौरान दोनों आरोपी घायल हो गए।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान लक्की निवासी ट्रांस यमुना, आगरा और आकाश उर्फ हनुमान निवासी मक्खनपुर, फिरोजाबाद के रूप में हुई है। पूछताछ में दोनों ने अपने तीसरे साथी मोहित की संलिप्तता भी स्वीकार की है। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो सोने के कंगन, दो अंगूठियां, दो अवैध तमंचे, तीन खोखा कारतूस, दो जिंदा कारतूस, बिना नंबर प्लेट की एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल, मृतका का आधार कार्ड तथा एसबीआई का एटीएम कार्ड बरामद किया है।
उल्लेखनीय है कि 23/24 जुलाई 2026 की रात थाना मक्खनपुर क्षेत्र में अकेली रह रही विधवा सरोज देवी की धारदार हथियार से हत्या कर बदमाश घर से सोने के आभूषण और अन्य सामान लूटकर फरार हो गए थे। घटना के खुलासे के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई थी।
पुलिस के अनुसार, मामले में फरार तीसरे आरोपी की तलाश जारी है। गिरफ्तार दोनों आरोपियों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जा रही है।

सुझाव