टूण्डला सम्पूर्ण समाधान दिवस: DM संतोष कुमार शर्मा ने सुनीं 154 शिकायतें, 16 मामलों का मौके पर निस्तारणरिपोर्ट – राजीव सक्सेना, फिरोजाबाद
फिरोजाबाद। तहसील टूण्डला में शुक्रवार को जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा की अध्यक्षता में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में फरियादी अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे, जहां जिलाधिकारी ने सभी की शिकायतों को गंभीरता से सुना और अधिकारियों को त्वरित समाधान के निर्देश दिए।
सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान जिलाधिकारी के समक्ष कुल 154 शिकायतें प्रस्तुत की गईं, जिनमें से 16 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कराया गया। शेष शिकायतों के समाधान के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
इस दौरान ग्राम इमलिया में मंदिर की जमीन पर अवैध कब्जे, फर्जी मेडिकल रिपोर्ट और जमीन विवाद से जुड़े कई गंभीर मामले सामने आए। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को पूरे मामले की जांच कर 7 दिन के अंदर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जन शिकायतों का निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर किया जाए और किसी भी फरियादी को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।
उन्होंने खतौनी संबंधी कार्यों के लिए आए किसानों की सुविधा को देखते हुए व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए। साथ ही बुजुर्ग फरियादियों की समस्याओं की सुनवाई प्राथमिकता से करने को कहा। किसानों के लिए पंखों की व्यवस्था भी कराई गई, जिससे गर्मी के मौसम में उन्हें परेशानी न हो।
इसके बाद आयोजित SC/ST जागरूकता शिविर में जिलाधिकारी ने कहा कि सरकार द्वारा संचालित योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पारदर्शी तरीके से पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि पात्र लोगों तक योजनाओं की जानकारी पहुंचाई जाए और सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

सुझाव