फिरोजाबाद में लखनऊ में अधिवक्ताओं के चैंबर तोड़े जाने और विरोध करने पर पुलिस द्वारा कथित लाठीचार्ज किए जाने के विरोध में गुरुवार को बार एसोसिएशन फिरोजाबाद के अधिवक्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। इसके बाद अधिवक्ताओं ने जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपा।
बार एसोसिएशन फिरोजाबाद की आम सभा में अधिवक्ताओं ने 17 मई को लखनऊ में निहत्थे अधिवक्ताओं पर हुए पुलिस लाठीचार्ज की कड़ी निंदा की। अधिवक्ताओं ने कहा कि इस घटना की स्वतंत्र एवं निष्पक्ष न्यायिक जांच कराई जाए तथा दोषी पुलिस कर्मियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
विरोध स्वरूप अधिवक्ताओं ने गुरुवार को न्यायिक कार्य से विरत रहकर प्रदर्शन किया। अधिवक्ताओं का कहना था कि अधिवक्ताओं के सम्मान और सुरक्षा के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
इस दौरान वरिष्ठ उपाध्यक्ष रीतेश कुमार सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता मौजूद रहे। उन्होंने मुख्यमंत्री से मामले में शीघ्र न्यायिक जांच के आदेश देने और दोषी पुलिसकर्मियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई की मांग की।

