मेडिकल कॉलेज में सफाई कर्मचारियों की हड़ताल, वेतन बढ़ाने की मांग को लेकर धरना
हड़ताल पर बैठे कर्मचारी
दैनिक लक्ष्यसीमा संवाददाता / फिरोजाबाद में स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय में आउटसोर्सिंग कंपनी के तहत कार्यरत सफाई कर्मचारियों ने बुधवार को वेतन बढ़ोतरी की मांग को लेकर काम बंद कर धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया। कर्मचारियों के आंदोलन से अस्पताल की व्यवस्थाओं पर असर पड़ने लगा है।
प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों ने बताया कि बढ़ती महंगाई में इतने कम वेतन में परिवार का पालन-पोषण करना मुश्किल हो गया है। बच्चों की पढ़ाई, इलाज और घरेलू खर्च पूरे करना भी चुनौती बन गया है।
कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि वेतन वृद्धि और अन्य समस्याओं को लेकर कई बार अस्पताल प्रशासन और संबंधित अधिकारियों को लिखित शिकायत दी जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इससे कर्मचारियों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।
धरनारत कर्मचारियों ने चेतावनी दी है कि जब तक उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। वहीं अस्पताल प्रशासन पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है और कर्मचारियों से वार्ता की कोशिश की जा रही है।
