यूपी सरकार की मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत 97 जोड़ों का विवाह संपन्न हुआ, कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष और समाज कल्याण अधिकारी राजमती अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
संवाददाता राजीव सक्सेना।
फिरोजाबाद। उत्तर प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत आज जसराना ब्लॉक स्थित शारदा रिसोर्ट में भव्य सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा जिलाध्यक्ष उदय प्रताप सिंह उपस्थित रहे। समारोह में जसराना ब्लॉक प्रमुख संध्या राजपूत, खंड विकास अधिकारी जितेंद्र सिंह एवं समाज कल्याण अधिकारी राजमती भी विशेष रूप से मौजूद रहीं। इस अवसर पर कुल 97 जोड़ों ने एक-दूसरे का हाथ थामकर वैवाहिक जीवन की नई शुरुआत की।
कार्यक्रम ने सामाजिक समरसता की मिसाल पेश की, जिसमें विभिन्न वर्गों की सहभागिता देखने को मिली। इनमें पिछड़ा वर्ग के 55 जोड़े, अनुसूचित जाति के 34 जोड़े, अल्पसंख्यक वर्ग के 5 जोड़े तथा सामान्य वर्ग के 3 जोड़े शामिल रहे।
विवाह उपरांत उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने नवविवाहित जोड़ों पर पुष्प वर्षा कर उन्हें सुखद दांपत्य जीवन का आशीर्वाद दिया। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष उदय प्रताप सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार गरीबों और जरूरतमंदों के कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना समाज में एकजुटता और समानता का संदेश देती है। 97 जोड़ों को एक साथ जीवन की नई शुरुआत करते देखना अत्यंत सराहनीय है।
समारोह में स्थानीय प्रशासन के अधिकारी, क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि तथा वर-वधू पक्ष के परिजन बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। सभी नवविवाहित जोड़ों को सरकार द्वारा निर्धारित सहायता राशि एवं उपहार प्रदान कर सम्मानपूर्वक विदा किया गया।


