रोटरी क्लब फिरोजाबाद की स्थापना के 50 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में स्वर्ण जयंती पर ‘रोटरी रसोई’ का शुभारंभ
20 रुपये में मिलेगा भरपेट व पौष्टिक भोजन
संवाददाता राजीव सक्सेना
फिरोजाबाद। रोटरी क्लब फिरोजाबाद द्वारा अपनी स्थापना के 50 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर स्वर्ण जयंती समारोह वृहद स्तर पर आयोजित किया गया। क्लब की स्थापना 7 अगस्त 1975 को हुई थी, जिसके 50 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में रोटरी क्लब द्वारा सेवा कार्यों की श्रृंखला को और विस्तार देते हुए एक नई जनकल्याणकारी पहल की शुरुआत की जा रही है।
रोटरी क्लब फिरोजाबाद द्वारा 01 फरवरी से ‘रोटरी रसोई’ का शुभारंभ किया जा रहा है। इस रसोई के माध्यम से आमजन को मात्र 20 रुपये में पौष्टिक भोजन की थाली बैठकर खाने की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। रोटरी रसोई का संचालन प्रतिदिन दोपहर 12 बजे से दोपहर 3 बजे तक किया जाएगा। इस योजना का उद्देश्य जरूरतमंदों, श्रमिक वर्ग, मरीजों के तीमारदारों एवं आम नागरिकों को सस्ता, स्वच्छ और गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराना है।
रोटरी क्लब फिरोजाबाद पिछले कई दशकों से सामाजिक सेवा के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय भूमिका निभाता आ रहा है। क्लब द्वारा जनवरी 1993 में सेठ छदामीलाल जैन रोटरी नेत्र चिकित्सालय की स्थापना की गई, जो नेत्र चिकित्सा के क्षेत्र में फिरोजाबाद में उत्कृष्ट सेवाएं प्रदान कर रहा है। इसके अतिरिक्त वर्ष 2009 से एक्स-रे सेंटर का संचालन किया जा रहा है तथा पिछले पांच वर्षों से रोटरी फिजियोथेरेपी सेंटर भी सफलतापूर्वक संचालित किया जा रहा है।
स्वर्ण जयंती वर्ष में शुरू की जा रही रोटरी रसोई रोटरी क्लब फिरोजाबाद की एक महत्वपूर्ण एवं मानवीय पहल है, जिससे समाज के कमजोर और जरूरतमंद वर्ग को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा।

