मंगलवार को फिरोजाबाद में UGC एक्ट के विरोध में राष्ट्रीय युवा वाहिनी गौ प्रकोष्ठ ने ज़ोरदार प्रदर्शन किया, इस दौरान पुतला भी दहन किया गया।
संवाददाता राजीव सक्सेना
फिरोजाबाद। यूजीसी एक्ट के विरोध में फिरोजाबाद में विरोध प्रदर्शन तेज होता जा रहा है। इसी क्रम में राष्ट्रीय युवा वाहिनी गौ प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय अध्यक्ष हृदयेश शर्मा के नेतृत्व में रसूलपुर शहीद चौक पर कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन करते हुए यूजीसी एक्ट का पुतला दहन किया।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और यूजीसी एक्ट को जनविरोधी कानून बताया। इस अवसर पर हृदयेश शर्मा ने कहा कि यह कानून देश की शिक्षा व्यवस्था को कमजोर करेगा और युवाओं के भविष्य पर नकारात्मक प्रभाव डालेगा। उन्होंने सरकार से यूजीसी एक्ट को तत्काल वापस लेने की मांग की।
हृदयेश शर्मा ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि सरकार ने समय रहते इस कानून पर पुनर्विचार नहीं किया, तो राष्ट्रीय युवा वाहिनी गौ प्रकोष्ठ देशभर में आंदोलन को और तेज करेगा। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में संगठन के कार्यकर्ता मौजूद रहे। पुतला दहन शांतिपूर्ण तरीके से किया गया। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए मौके पर प्रशासन की ओर से सुरक्षा व्यवस्था भी तैनात रही।


