फिरोजाबाद : सिरसागंज पुलिस ने मुखबिर सूचना पर चेकिंग के दौरान दो वांछित अभियुक्तों को मुठभेड़ में पकड़ा,
संवाददाता राजीव सक्सेना
फिरोजाबाद जनपद के थाना सिरसागंज क्षेत्र में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर थाना सिरसागंज पुलिस को जानकारी मिली थी कि एक मुकदमे में वांछित अभियुक्त चोरी की मोटर साइकिल पर किसी घटना को अंजाम देने की फिराक में पेंगू रोड के आसपास घूम रहे हैं।
सूचना पर पुलिस टीम द्वारा पेंगू रोड पर चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध मोटर साइकिल आती दिखाई दी। पुलिस द्वारा रुकने का इशारा करने पर मोटर साइकिल सवार वापस मुड़कर भागने लगे।
तेज गति के कारण मोटर साइकिल असंतुलित हो गई। स्वयं को घिरता देख अभियुक्तों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। पुलिस द्वारा आत्मरक्षार्थ की गई जवाबी कार्रवाई में मोटर साइकिल सवार दो अभियुक्तों के पैर में गोली लग गई, जिससे वे घायल हो गए। पुलिस ने दोनों घायल अभियुक्तों को मौके से गिरफ्तार कर लिया, जबकि एक अन्य अभियुक्त अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है।
घायल अभियुक्तों के कब्जे से एक अवैध तमंचा 315 बोर मय एक जिंदा व दो खोखा कारतूस, एक अवैध तमंचा 32 बोर मय एक जिंदा व दो खोखा कारतूस तथा मुकदमा संख्या 679/25 से संबंधित एक चोरी की मोटर साइकिल बरामद की गई है।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान विक्की उर्फ विक्रम पुत्र कुसमाकर निवासी नट वाली गली, हिमायूंपुर थाना दक्षिण जनपद फिरोजाबाद तथा बृजमोहन पुत्र चैतराम निवासी हिमायूंपुर थाना दक्षिण जनपद फिरोजाबाद के रूप में हुई है। दोनों अभियुक्त थाना सिरसागंज पर पंजीकृत मुकदमे में वांछित थे। घायल अभियुक्तों को पुलिस अभिरक्षा में उपचार हेतु जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस द्वारा अग्रिम विधिक कार्यवाही की जा रही है।

