ब्यूरो रिपोर्ट लक्ष्यसीमा पत्रिका / LSN NEWS
औरैया जनपद के फफूंद थाना क्षेत्र अंतर्गत गांव सीगनपुर से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। जबरन शादी से बचने के लिए एक युवती ने फिल्मी अंदाज़ में साजिश रचते हुए घर में सांप की केंचुली छोड़ दी और प्रेमी के साथ फरार हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में ‘इच्छाधारी नागिन’ बनने की अफवाह फैल गई, जिससे कुछ देर के लिए दहशत का माहौल बन गया।
युवती शादी से नहीं थी खुश...
परिजनों के अनुसार युवती की शादी की तैयारियां चल रही थीं, जिससे वह खुश नहीं थी। युवती के अचानक लापता होने और उसके बिस्तर पर सांप की केंचुली मिलने से परिजन और ग्रामीण सदमे में आ गए। घर में नागिन आने की चर्चाओं ने तूल पकड़ लिया और मामले की सूचना पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही फफूंद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने जब युवती का मोबाइल सर्विलांस पर लगाया तो पूरा मामला साफ हो गया। जांच में सामने आया कि युवती अपने प्रेमी के साथ स्वेच्छा से घर से गई है और सांप की केंचुली जानबूझकर घर में छोड़ी गई थी, ताकि परिवार और गांव वाले भ्रम में रहें।
पुलिस ने क्या कहा....
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह कोई अंधविश्वास या अलौकिक घटना नहीं, बल्कि युवती द्वारा रची गई एक फिल्मी साजिश है। युवती और उसके प्रेमी की तलाश की जा रही है, आगे की विधिक कार्रवाई तथ्यों के आधार पर की जाएगी।
घटना के बाद गांव में फैली अफवाहों पर पुलिस ने लोगों से संयम बरतने और अंधविश्वास से दूर रहने की अपील की है।

